बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान खत्म हाेने के बाद मंगलवार काे झारखंड की सीमा मिर्जाचौकी के पास राेके गए वाहनाें काे जैसे ही आगे बढ़ने की अनुमति मिली, एनएच-80 पर वाहनों का दबाव एकाएक बढ़ गया।
इस कारण बुधवार को कहलगांव से घोघा तक 9 घंटे एनएच जाम रहा। रात में वाहन धीरे-धीरे निकल रहे थे, लेकिन बुधवार की सुबह शहर की वाहनाें का भी दबाव बढ़ गया। वहीं बुधवार को कहलगांव में साप्ताहिक हाट के कारण भी शहर में खरीदारी करने वालों की भीड़ बढ़ने से और परेशानी बढ़ गई।
सुबह 10 बजे शाम 6 बजे तक जाम में वाहन फंसे रहे। इस दौरान जाम को हटाने के लिए कहीं भी पुलिस नहीं दिखी। इससे यात्रियों में काफी रोष था। वाहनों में बैठे छोटे-छोटे बच्चों का बुरा हाल था। कई यात्रियों की ट्रेन छूट गई तो कई लोग समय पर अपने दफ्तर नहीं पहुंच सके। कहलगांव में तो पैदल चलना भी मुश्किल था।
छोटे वाहन चालक और बाइक सवार संपर्क सड़क होकर जाने लगे। इस कारण धीरे-धीरे ये सड़क भी जाम की चपेट में आ गए। शाम लगभग 5 बजे कहलगांव थाने की पुलिस पहुंची और जाम हटाने की नाकाम कोशिश की, लेकिन जाम जस की तस बनी रही। शाम 7 बजे पुलिस ने ट्रैफिक वनवे कराया तब लोगों ने राहत की सांस ली और वाहन धीरे-धीरे अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।
कहलगांव से भागलपुर आने में यात्रियों को पांच घंटे लगे
एनएच-80 पर लगे जाम में वाहन इस कदर फंसे थे कि न आगे जा पा रहे थे न पीछे। यात्रियों को कहलगांव से भागलपुर आने में पांच घंटे लगे। अपने परिवार के साथ भागलपुर जा रही मिर्जाचौकी की एक महिला ने बताया कि बच्चे को भागलपुर में डॉक्टर से दिखाना था, लेकिन हम यहां तीन घंटे से जाम में फंसे हुए है। इसी इस संबंध में नगर पंचायत अध्यक्ष अजय मंडल ने बताया कि हटिया का दिन था इसलिए जाम और भयावह हो गया। उन्होंने यह भी कहा कि तीन दिन से भारी वाहनों का आवागमन बंद था। वोटिंग समाप्त होने के बाद बुधवार को अचानक एनएच पर वाहनों का दबाव बढ़ गया।
इधर, नवगछिया बाजार व स्टेशन रोड में भी लगा जाम
शहर में बुधवार को पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रही। इस कारण आसपास के इलाकों से खरीददारी करने आए ग्राहकों को काफी कठिनाई हुई। स्थानीय लोगों ने बताया कि शहर में नो इंट्री के बाद भी बड़ी वाहनो के प्रवेश होने के कारण जाम लगा था। इसके अलावा सड़क पर सब्जी विक्रेता ठेला लगाते हैं। इससे जाम की स्थिति और भयावह हो जाती है। बुधवार को स्टेशन रोड और मेन रोड से महाराज जी चौक तक जाम था।
लोगों को महाराजजी चौक से स्टेशन जाने में एक घंटे से भी अधिक समय लग रहा था। करवाचौथ को लेकर खरीददारी करने के लिए बाजार आए लोगों को काफी परेशानी हुई। शहरवासियों ने अनुमंडल प्रशासन से इसका स्थायी समाधान कराने की मांग की है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि आए दिन जाम लगने से हमारे धंधे पर इसका विपरीत असर पड़ता है। ग्राहक दुकान तक नहीं पहुंच पाते हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Source From
RACHNA SAROVAR
CLICK HERE TO JOIN TELEGRAM FOR LATEST NEWS

Post a Comment