(पवन ठाकुर) परवाणू-शिमला फोरलेन प्रोजेक्ट के दूसरे चरण चंबाघाट-कैथलीघाट के लिए कंडाघाट में बन रही टनल का 50 फीसदी से ज्यादा काम पूरा हो गया है, लेकिन अभी तक टनल के चायल की ओर खुलने वाले छोर में जमीन की स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है। जिस जगह पर अभी टनल का छोर निकालने का प्रस्ताव है वहां पर जमीन का अधिग्रहण नहीं हुआ है। निर्माता कंपनी ने इसका छोर दूसरी जगह खोलने का प्रस्ताव प्रशासन काे दिया है, यदि इस प्रस्ताव को माना तो इसकी लंबाई 97 मीटर और बढ़ जाएगी। यानी तब इस टनल की लंबाई 460 मीटर से बढ़कर 557 मीटर हो जाएगी। इसके लिए और जमीन का अधिग्रहण करना होगा।
चंबाघाट-कैथलीघाट प्रोजेक्ट को एरिफ इंजीनियरिंग कंपनी बना रही है। इस प्रोजेक्ट के तहत कंडाघाट बाजार को बचाने के लिए टनल का निर्माण किया जा रहा है। इसके लिए कंडाघाट से करीब डेढ़ किलोमीटर आगे से टनल निकाली जा रही है। इस टनल का दूसरा छोर चायल रोड से ऊपर निकाला जाना है। जहां पर यह छोर खुलेगा वह निजी भूमि है और इस पर ऊंची इमारतें हैं। नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई)ने यहां जितनी जमीन एक्वायर की है वह कम पड़ रही है।
यह टनल यूरोपियन नाटम मैथर्ड से बन रही है। परवाणू-शिमला फोरलेन प्रोजेक्ट के पहले चरण में कुमारहट्टी और सोलन के बीच 936 मीटर की टनल बनकर तैयार हो चुकी है।
इसमें ट्रैफिक भी चल रहा है,लेकिन अभी इसका विधिवत उद्घाटन नहीं हुआ है। यह टनल न्यू ऑस्ट्रिया टनलिंग मैथर्ड(एनएटीएम) से तैयार की है। इस टनल पर करीब 100 करोड़ रुपए का खर्च आया है। इससे जहां सोलन से कुमारहट्टी के बीच की दूरी करीब साढ़े तीन किलोमीटर कम हुई है वहीं यह पर्यटकों के लिए भी यह बड़ा आकर्षण है। इस टनल से एक तरफ का ही ट्रैफिक चलेगा जबकि कंडाघाट की टू-लेन टनल में ही दोनों और का ट्रैफिक चलेगा। इसके बनने से यह भी इस रूट पर एक और आकर्षण होगा।
460 मीटर लंबी टनल का 280 मीटर कार्य पूरा
कंडाघाट में 460 मीटर लंबी टनल बनाने के लिए काम हो रहा है। अब तक 280 मीटर का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। दूसरे मुहाने पर टनल को खोलने के लिए और जमीन की जरूरत पड़ रही है। इसके लिए निर्माता कंपनी ने प्रशासन को सुझाव दिया है कि टनल को दूसरी जगह खोला जाए। इसके लिए 97 मीटर लंबाई और बढ़ जाएगी। अभी इस पर करीब 60 करोड़ रुपए की लागत आने का अनुमान है। लंबाई बढ़ने के साथ ही इसकी लागत में भी बढ़ोतरी होगी। इसके लिए एनएचएआई की अप्रुवल जरूरत रहेगी। पिछले दिनों प्रशासन ने टनल का निरीक्षण भी किया है तब भी इस विषय पर चर्चा हुई है।
^कंडाघाट टनल का काम चल रहा है। अभी तक करीब 280 मीटर टनल बन चुकी है। इस पर बनने वाले पुल का काम भी जल्द शुरू होगा। -अशोक रोलानिया, मैनेजर टैक्नीकल, एनएचएआई
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Source From
RACHNA SAROVAR
CLICK HERE TO JOIN TELEGRAM FOR LATEST NEWS

Post a Comment