बागबानों से धोखाधड़ी करने के मामले में सीआईडी ने एक आढ़ती को गिरफ्तार किया है। आढ़ती के खिलाफ दो दर्जन से अधिक बागबानों ने सीआईडी की एसआईटी को शिकायत दी थी। इसके चलते आढ़ती पर 22 लाख की धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया।
आढ़ती विनोद कुमार शिलारू में सेब की खरीद का काम करता था। ऊपरी शिमला के बागबानों ने आढ़ती को सेब बेचा था और इनमें से कई बागबानों को सेब की पेमेंट नही की गई। इसके चलते आढ़ती के खिलाफ 25 बागबानों ने सीआईडी की एसआईटी को शिकायत दी थी। शिकायत में कहा गया था कि आढ़ती उनकी साल 2018 और 2019 के सीजन की पेमेंट नहीं कर रहा। करीब 22 लाख की पेमेंट इन बागबानों की पेंडिंग पड़ी हुई है। बागबानों ने कई बार आढ़ती से संपर्क कर पेंडिंग पेमेंट मांगी। आढ़ती पहले आश्वासन देता रहा है। लेकिन अब पेमेंट नहीं दे रहा। शिकायत मिलने के बाद एसआईटी ने आढ़ती को नोटिस जारी किया था। आढ़ती को बागबानों की पेंडिंग पेमेंट देने के लिए भी काफी समय दिया गया। लेकिन आढ़ती पेमेंट करने में आनाकानी करता रहा। इसके चलते सीआईडी ने आढ़ती को गिरफ्तार किया है।
एसपी वीरेंद्र कालिया ने पुष्टि करते हुए कहा है कि बागबानों से धोखाधड़ी करने वाले एक आढ़ती को गिरफ्तार किया गया है। एसआईटी मामले की जांच कर रही है।
सरकार ने बागबानों से धोखाधड़ी के मामले की जांच के लिए सीआईडी की एक एसआईटी गठित की है। एसपी क्राइम वीरेंद्र कालिया की अध्यक्षता में बनाई गई यह एसआईटी अब तक 11 करोड़ के करीब पेमेंट बागबानों को दिला चुकी है। सौ से ज्यादा एफआईआर दर्ज की गई है। तीस से अधिक आढ़तियों और लदानियों को धोखाधड़ी के लिए गिरफ्तार किया गया है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Source From
RACHNA SAROVAR
CLICK HERE TO JOIN TELEGRAM FOR LATEST NEWS

Post a Comment