ठियोग में सोमवार रात एक युवक की पुलिस की ओर से कथित रूप से पिटाई किए जाने की घटना के बाद मंगलवार को युवक के परिजनों व ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर लिया और एनएच पांच को ढाई घंटे से अधिक समय तक रोके रखा।
सोमवार रात 11 बजे के आसपास जैस गांव के युवक 26 वर्षीय आशु की कार पुलिस थाना के सामने खड़े डीएसपी के वाहन से टकरा गई थी। युवक के परिजनों का आरोप है कि पुलिस कर्मियों ने युवक की बेरहमी से पिटाई की और उसे घायलावस्था में अस्पताल ले जाना पड़ा।
परिजनों के अनुसार अस्पताल में भी युवक को पीटा गया। परिजनों के अनुसार युवक को कई गंभीर चोटें आई हैं। उधर घायल युवक का उपचार चल रहा है और उसे मेडिकल जांच व रिपोर्ट के लिए आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है।
परिजनों व ग्रामीणों को जब इस घटना का पता चला तो वे सुबह ठियोग थाने पहुंच गए और युवक की पिटाई करने वाले पुलिस कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। इस दौरान लोगों ने पुलिस के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की और युवक के विरुद्ध की गई मारपीट का कड़ा विरोध किया।
लोगों का कहना था कि पुलिस को युवक के साथ मारपीट न करके कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए थी। ठियोग की माकपा इकाई के सचिव संदीप वर्मा व अन्य कार्यकर्ता भी थाने पहुंचे और उच्चाधिकारियों से बात करने की मांग उन्होंने उठाई और परिजनों की शिकायत भी दर्ज करने की मांग रखी।
इस बीच थाना प्रभारी अमित यादव लोगों को शांत करने का प्रयास करते रहे लेकिन लोगों ने उनकी एक नहीं सुनी। कुछ देर बाद विधायक राकेश सिंघा भी वहां पहुंचे और उन्होंने वहां पहुंचे डीएसपी व अन्य अधिकारियों से बात की।
उन्होंने पुलिस की इस कार्रवाई की निंदा की। बाद में पुलिस ने परिजनों की ओर से भी पुलिस कर्मियों के विरुद्ध मारपीट की शिकायत दर्ज की गई। ठियोग के डीएसपी कुलविंद्र सिंह ने बताया कि युवक की मेडिकल रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई शुरू होगी।
उन्होंने बताया कि जांच के बाद दोषी पुलिस कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन के आश्वासन के बाद ही धरना समाप्त हुआ। उधर माकपा कार्यकर्ताओं ने बताया कि यदि दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध करवाई न हुई तो दोबारा आंदोलन होगा।
उनका आरोप था कि पुलिस असामाजिक तत्वों के विरुद्ध करवाई न कर निर्दोषों को निशाना बनाती है। उधर एनएच पर कई घंटे जाम लगने से ठियोग नगर के दोनों ओर सड़कों पर भारी जाम लग गया।
इस दौरान लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस जाम का असर तीन-चार बजे तक रहा। जिसके बाद ही ठियोग में यातायात पूरी तरह से बहाल हो पाया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Source From
RACHNA SAROVAR
CLICK HERE TO JOIN TELEGRAM FOR LATEST NEWS

Post a Comment